Home राज्य छत्तीसगढ़ छत्तीगसढ़ में फिर बढ़ी ठंड, अंबिकापुर सर्द हवा से ठंड के तेवर...

छत्तीगसढ़ में फिर बढ़ी ठंड, अंबिकापुर सर्द हवा से ठंड के तेवर तीखे, राजपुर में गिरा पाला

63
छत्तीगसढ़ में फिर बढ़ी ठंड, अंबिकापुर सर्द हवा से ठंड के तेवर तीखे, राजपुर में गिरा पाला

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। उत्तर दिशा से चल रही सर्द हवा से उत्तरी छत्तीसगढ़ का इलाका कंपकंपा उठा है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के करीब तो पहाड़ी इलाकों में छह डिग्री तक पहुंच गया है। बुधवार को बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र में इस सीजन का पहला पाला गिरा। पुआल के ढेर में पाला बर्फ के समान जम गया। सामरी पाट इलाके में भी पाला गिरा है। ठंड बढ़ी, मौसम विभाग, लालपुर मौसम विभाग

मौसम विभाग के अनुसार मैनपाट क्षेत्र में भी कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल हैं। सुबह से चल रही ठंडी हवा से राहत पाने लोग धूप का आनंद ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो-तीन दिनों तक ठंड के तीखे तेवर बरकरार रहेंगे। 11 दिसंबर के आसपास बादल और नमी की बढ़ने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी संभावित है। इस दौरान चक्रवात का भी प्रभाव पड़ सकता है। हालांकि बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। सरगुजा संभाग में दिसंबर के पहले पखवाड़े में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

जशपुर जिला अंतर्गत डूमरबहार में पारा सात डिग्री पहुंच गया है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार उत्तर दिशा से शुष्क हवा का प्रवाह अभी हो रहा है। इसके चलते तापमान में गिरावट हो रही है। अभी दो-तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट की संभावना है। इसके बाद बादल आने के कारण तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी। कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से लोगों को राहत देने के लिए शहर के चौक-चौराहों में नगर निगम द्वारा शाम होते ही अलाव की व्यवस्था की जा रही है।