कोरबा। बाबा अमरनाथ के रास्ते पर भारी बरसात और भूस्खलन हुआ है। इसके चलते छत्तीसगढ़ के 11 श्रद्धालु वहां रास्ते में ही फंस गए हैं। इस दौरान 3 यात्रियों की तबीयत भी बिगड़ गई है। जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि इन यात्रियों में कोरबा के 9 लोग शामिल थे, वहीं 2 लोग प्रदेश के दूसरे स्थानों के रहने वाले हैं। इन यात्रियों का जत्था कुछ समय पहले ही इस यात्रा के लिए निकला था। मगर पिछले दिनों श्रीनगर दलगेट रोड पर हुए भारी बरसात और भूस्खलन के कारण फंस गया है। उन्हीं लोगों में से कोरबा के रजगामार निवासी ऋषभ यादव भी शामिल हैं।
ऋषभ ने ही वार्ड नंबर-04 के पार्षद सुरेंद्र प्रताप जायसवाल से मदद की गुहार लगाई थी, जिसके बाद इन लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आ सकी है। भूस्खलन में फंसे ऋषभ यादव ने बताया कि हमारे तीन साथी भूस्खलन की चपेट में आ गए थे, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है। ऋषभ ने बताया कि उन्हें बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब उनके साथियों की तबीयत खराब है तो उन लोगों को वहां अधिक समय तक रुकना पड़ रहा है। ऐसे में उनके पास पैसों की भी समस्या हो गई है।उन्होंने अपनी आप बीती सुरेंद्र प्रताप जायसवाल से बताई थी। जिसके बाद सुरेंद्र प्रताप ने राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से बात की। इसके बाद मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने इनकी मदद की है।
राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने इन श्रद्धालुओं से वीडियो कॉल पर बातचीत करके हाल-चाल जाना है। इसके अलावा उन्होंने तुरंत 20 हजार रुपए की मदद की है। राजस्व मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं को तत्काल मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही फंसे हुए श्रद्धालुओं की वापसी होगी।