भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अपने इस अभियान की शुरुआत पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह सुहाग के गुरुग्राम स्थित आवास से करेंगे। शाह सरकार की उपलब्धियों एवं इस पहल के ब्योरे के साथ 50 लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे जबकि भाजपा कार्यकर्ता उपलब्धियों के बारे में जागरूक करने के लिए कम से कम 10 लोगों से संपर्क करेंगे।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनावों की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। इसी क्रम में पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह आज ‘संपर्क फॉर समर्थन’ पहल की शुरुआत करेंगे। भाजपा अपने इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की चार साल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे।
भाजपा अध्यक्ष शाह अपने इस अभियान की शुरुआत पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह सुहाग के गुरुग्राम स्थित आवास से करेंगे। अमित शाह सरकार की उपलब्धियों एवं इस पहल के ब्योरे के साथ 50 लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे जबकि भाजपा कार्यकर्ता उपलब्धियों के बारे में जागरूक करने के लिए कम से कम 10 लोगों से संपर्क करेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नमो एप’ पर भी ‘संपर्क फॉर समर्थन’ का एक विशेष सत्र होगा। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं को इस अभियान को समझने में मदद मिलेगी। चुनावी मोड में आ चुकी भाजपा इस अभियान के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाने की कोशिश में है।
भाजपा अध्यक्ष और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोशिश सरकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की है। प्रधानमंत्री अपने मंत्रियों एवं सांसदों को पहले ही इस बारे में कई बार निर्देश दे चुके हैं। आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा पहले ही अपना नारा ‘साफ नीयत सही विकास’ का शुभारंभ कर चुकी है।
इससे पहले शनिवार को अमित शाह ने मोदी सरकार के 4 साल पूरे होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को देश के सामने रखा। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुष्टीकरण, वंशवाद और जातिवाद की राजनीति समाप्त कर विकास की राजनीति की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने देश को सबसे मेहनती प्रधानमंत्री और दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता को दिया है। एक पीएम जो दिन में 15-18 घंटे काम करता है। हमें गर्व है कि यह प्रधानमंत्री बीजेपी का नेता है।