रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में विपक्ष की पार्टी भाजपा कांग्रेस को हराने के लिए पूरी तैयारी में जुट गई है। इसके लिए भाजपा महिला मोर्चा का तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आज चंपारण में शुरू हो रहा है। मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन की मौजूदगी में आयोजित इस शिविर के पहले दिन महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी और दूसरे दिन प्रशिक्षण शिविर होगा।
प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण शिविर को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में सभी प्रकार की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। चंपारण में 28, 29, 30 जून को होने वाले प्रदेश स्तरीय शिविर में राष्ट्रीय स्तर और प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व कर्ता विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे।
आगामी विधानसभा और लोकसभा को देखते हुए पार्टी महिला मोर्चा के विस्तार की योजना पर काम कर रहा है। पार्टी की मूलभूत रीति- नीति और नियम विचार को आम लोगों के बीच ले जाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही संगठन को मजबूत करने और संगठन का विस्तार कैसे करें, इस संबंध में भी महिला मोर्चा के पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री और विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, विधायक रंजना साहू, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, राम प्रताप सिंह, महिला मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता, दीपाली पांडे अधिवक्ता हाई कोर्ट, और प्राची पाटिल प्रांत प्रचारिका वक्ता के रूप में शामिल होंगे।