रायपुर। देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर कांग्रेस 90 विधानसभा में 75-75 किलोमीटर पदयात्रा निकालने जा रही है। यह पदयात्रा 9 अगस्त से 14 अगस्त तक छह दिनों तक चलेगी, जिसमें कांग्रेस नेता 6750 किलोमीटर पैदल चलेंगे। इसके लिए विधायकों औैर हारे हुए विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है। पीसीसी ने इसके लिए 18 बिंदुओं की गाइडलाइन जारी कर दी है।
जानकारी के अनुसार भारत छोड़ो आंदोलन दिवस से शुरू होने वाली इस पदयात्रा के लिए लोगो भी जारी कर दिया गया है। इसी लोगो का उपयोग पदयात्रा के दौरान बनाए जाने वाले बैनर-पोस्टर में किया जाएगा। बताया गया है कि पदयात्रा विधानसभा के एक छोर से निकल दूसरी छोर तक जाएगी। विधानसभा मुख्यालय में इसका समापन बड़ी आमसभा के साथ किया जाएगा। इसी तरह पदयात्रा के दौरान सभी कांग्रेसियों के हाथों में तिरंगा अनिवार्य होगा साथ ही गांधी टोपी लगाकर देशभक्ति गीत व नारे लगाते चलेंगे। इसी तरह पदयात्रा में स्थानीय सामाजिक एवं धार्मिक स्थलों को भी शामिल करना होगा।
रायपुर के दक्षिण विधानसभा की पदयात्रा राजेंद्र नगर गोवर्धन चौक से शुरू होगी। यहां के प्रभारी प्रमोद दुबे ने बताया कि भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना करने के बाद महापौर एजाज ढेबर एवं ब्रिगेडियर प्रदीप यादव तथा शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे तिरंगा दिखाकर यात्रा शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि सात दिनों में 75 किलोमीटर यात्रा पूरी की जाएगी। उत्तर विधानसभा की यात्रा देवेन्द्रनगर चौक से शुरु होगी। यह यात्रा इंदिरा गांधी चौक होते हुए गुजरेगी। विधायक कुलदीप जुनेजा को यात्रा का प्रभारी बनाया गया है।
रायपुर पश्चिम विधानसभा की पदयात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड के रामनगर से शुरु होगी। इसमें पहले दिन विधायक उपाध्याय शामिल नहीं हो पाएंगे। वे असम में पदयात्रा में शामिल होंगे ग्रामीण विधानसभा की पदयात्रा बोरियाखुर्द से शुरु होगी। क्षेत्रीय विधायक सत्यनारायण शर्मा इसकी शुरुआत करेंगे। पदयात्रा लालपुर, पुरैना, अमलीडीह होते हुए निकलेगी। पहले दिन 25 किलोमीटर पैदल चलने का टारगेट रखा गया है।