रायपुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के पंचायत विभाग छोड़ने के बाद से सियासी बवाल मचा हुआ है। अब टीएस के खिलाफ मानसून सत्र के बाद कांग्रेस विधायक दिल्ली में मोर्चा खालेंगे। दरअसल, विधायक दल की बैठक में सिंहदेव के खिलाफ मंत्री-विधायकों ने जमकर नाराजगी जताई थी। इसके बाद लगभग सिंहदेव के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई के लिए एक पत्र तैयार किया गया, जिसमें 10 मंत्रियों समेत 61 विधायकों ने दस्तखत किए हैं।
बताया गया है कि विधायकों की दस्तखत वाली चिट्ठी लेकर पुनिया दिल्ली रवाना हो गए हैं। वहीं विधानसभा के मानसून सत्र के बाद एक बार फिर विधायकों की दिल्ली परेड कराने की तैयारी चल रही है।
जानकारी के अनुसार विधायक दल की बैठक खत्म होने के बाद सीएम हाउस में सभी विधायकों को रात्रि भोज दिया गया। इसी दौरान विधायकों के सामने एक पत्र आया। इस पर वहां मौजूद विधायकों के हस्ताक्षर लिए गए। कई विधायकों ने पत्र में क्या लिखा है यह पढ़े बिना ही बस दस्तखत कर दिए।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के अनुसार उन्होंने पार्टी आलाकमान से मिलने का समय मांगा है। विधायकों द्वारा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग संबंधी सवाल पर सिंहदेव ने कहा, सभी अनुभवी हैं। लंबे समय से राजनीतिक जीवन में हैं। उनका अपना दृष्टिकोण है। अगर उनको लगता है कि यह अनुशासनहीनता है तो उनको स्वतंत्रता है अपनी राय रखने की। मैंने पत्र के माध्यम से बस अपनी मंशा सामने रखी थी।