नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर होते हुए कांग्रेस शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान पर भारत बचाओ रैली का आयोजन करने जा रही है। इस रैली में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ ही पार्टी के अन्य दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस सरकार को आर्थिक मंदी, महिला हिंसा, किसान विरोधी नीतियों, बेरोजगारी के साथ ही संविधान पर हमले के मुद्दे को उठाते हुए सरकार पर हमलावर रुख अपना रही है। रैली के दौरान इन सभी मुद्दों के खिलाफ कांग्रेस अपनी आवाज बुलंद करेगी।
कांग्रेस द्वारा भारत बचाओ रैली के दौरान हाल ही में बनने वाले नागरिकता संशोधन कानून का मुद्दा भी उठाया जाएगा। देश के कई हिस्सों में इस कानून का विरोध हो रहा है, वहीं कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल इस मुद्दे को हवा देकर एनडीए सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं।
मंदी, बेरोजगारी पर हमलावर है कांग्रेस
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी लगातार भारत की गिरती अर्थव्यवस्था और देश में बढ़ रही बेरोजगारी को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर रहे हैं। शनिवार को निकाली जाने वाली रैली के दौरान भी यह मुद्दे पार्टी जोर-शोर से उठाएगी।