दिलीप जायसवाल
अम्बिकापुर. शादी समारोह में शामिल होने अपने नाना के घर आई आठ साल की एक बच्ची के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। आरोपी बच्ची और एक अन्य सात साल की नाबालिग को दो दिन पहले मिठाई का लालच देकर जंगल की तरफ ले गया और दुष्कर्म की कोशिश की। घटना के बाद दोनों लड़कियां किसी तरह भागकर थाना पहुंची और पुलिस को पूरी बात बताई। वहीं बलात्कार पीडि़ता को हालात खराब होने पर मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर में भर्ती कराया गया है। हालात खराब होने और महिला चिकित्सक के अभाव में उसका मुलायजा नहीं हो सका है।
पुलिस के मुताबिक सूरजपुर जिले के खडग़वां में कुकर्म की यह घटना हुई है। एक मई को मध्यप्रदेश से अपने नाना के यहाँ दो लड़कियां आई थीं। एक की उम्र आठ साल और दूसरी सात साल। दोनो घर के बाहर खेल रही थी तभी मोपेड से केरता निवासी राजेश गुप्ता पहुंचा और बच्चियों को मिठाई का लालच दिया। दोनो को गाड़ी में बैठाकर बोझा रोड़ की तरफ ले गया।
वहाँ आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। तब अंधेरा होने लगा था। इस इलाके में दिनों लड़कियां नई थीं। दोनो भागते भागते थाने में जल रही लाईट को देख वहाँ पहुंच गईं। तब पुलिस कर्मियों ने उनसे पूरी जानकारी ली। इसके बाद आरोपी को मौके पर जाकर पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि मोपेड में पेट्रोल खत्म हो गया था इसलिए वह वहाँ से भाग नही पाया था।
दूसरी तरफ पीडि़त बच्ची का डॉक्टरी जांच दो दिन बाद भी नही हो सकी है। वह दो दिन से प्रतापपुर और अम्बिकापुर में इसके लिए परेशान रही। हालात गंभीर होने पर फिलहाल उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।