जशपुरनगर। जिले में नए साल का पिकनिक मनाकर लौट रहे एक परिवार की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस सड़क हादसे में 2 मासूम बच्चों सहित 4 लोगों की मौत हो गई हैं। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को रांची रेफर किया गया हैं। बताया जा रहा हैं कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने इस दुर्घटना पर अपराध दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक जशपुर जिला के बिलासपुर तरईपारा में रहने वाले मोहित अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने गए हुए थे। रविवार देर शाम को ईको स्पोर्टस कार में परिवार के 10 लोग सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। तभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के गुल्लू वाटर फाल-बेने डैम के बीच घाट से उतरते वक्त तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। मदद के लिए पहुंचे लोगों ने कार से घायलों को बाहर निकाला गया।
इस दौरान अनिल की मौके पर ही मौत हो गई, वही अस्पताल में उपचार के दौरान 8 साल के मोहित, 1 साल की विनेसा और 46 साल की जयंती ने भी दम तोड़ दिया। कुनकुरी थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक अनिल और 8 साल का मोहित पिता-पुत्र हैं। थानेदार ने बताया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को देर रात ही बेहतर उपचार के लिए रांची रेफर किया गया हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही हैं।