मांड्या। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा दो दिन के अवकाश के बाद आज कर्नाटक के मांड्या जिले में राहुल गांधी के नेतृत्व में फिर शुरू हुई। यात्रा में पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुईं।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष व राज्य के पूर्व मंत्री डीके शिवकुमार ने इस मौके पर कहा कि विजयादशमी के बाद अब राज्य में कांग्रेस की विजय होगी। हम राज्य में सत्ता में आ रहे हैं और भाजपा की दुकान बंद होने वाली है। हमें गर्व है कि सोनिया गांधी राज्य की सड़कों पर उतरी हैं।
दशहरा के कारण दो दिन के ब्रेक के बाद भारत जोड़ो यात्रा फिर शुरू हुई है। सोनिया गांधी सोमवार को मैसूर पहुंचीं थीं और विजयादशमी के मौके पर बुधवार को एच डी कोटे विधानसभा क्षेत्र के एक मंदिर में पूजा-अर्चना की। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी आने वाले दिनों में मैसूर पहुंचेंगी और शुक्रवार को यात्रा में शामिल होंगी।