रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों ठंडी कम हो गई है। दरअसल, प्रदेश में हवा की दिशा फिर बदली है। पूर्व से शुष्क हवा आ रही है। इससे ठंडी पड़ रही है। वहीं, आज रायपुर समेत कई इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। इससे प्रदेश में रात का तापमान बढ़ गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के ज्यादातर जगहों पर रात का तापमान बढ़ा गया है। तापमान सभी जगह सामान्य से ऊपर है। इसमें गिरावट की संभावना अभी नहीं है। वृद्धि का ट्रेंड जारी रहेगा। मकर संक्रांति से सूर्य उत्तरायण होने लगा है। इससे तापमान में वृद्धि होने लगती है। प्रदेश में अब रात के तापमान में वृद्धि का ट्रेंड शुरू हो गया है। पिछले दो दिन से पारा बढ़ने लगा है। इससे ठंड कम हो गई है।
लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में प्रमुख शहरों में रात का तापमान सबसे ज्यादा रायपुर में ही रहा। यहां न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से तीन अधिक है। बिलासपुर, जगदलपुर तथा राजनांदगांव में तापमान 15 डिग्री के करीब रहा। सभी जगह तापमान सामान्य से अधिक रिकार्ड किया गया। पेंड्रारोड और दुर्ग में ही अपेक्षाकृत थोड़ी ठंड रही। पेंड्रारोड में पारा 10.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह नार्मल से एक और दुर्ग दो डिग्री कम दर्ज हुआ।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले एक-दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक वृद्धि होने का अनुमान है। रायपुर में भी मौसम शुष्क रहेगा। सुबह हल्का कोहरा रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।