दिलीप जायसवाल
अम्बिकापुर. विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टी एस सिंहदेव ने कहा है कि प्रदेश में हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है और मुख्यमंत्री उत्सव मनाने में मस्त है। भ्रष्ट रमन सिंह की सरकार को सत्ता से कांग्रेसी कार्यकर्ता उखाड़ फेंके।
टी एस सिंह देव ने रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के महाबीरगंज में स्थित धान मंडी मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए रिचार्ज किया और सरकार पर जमकर हमला बोला।
विधायक बृहस्पति सिंह ने भाजपा के विकास यात्रा पर कहा कि भाजपा सरकार विकास की बनावटी तस्वीर दिखाने के लिए यात्रा निकाल रही है। विकास की बनावटी तस्वीर दिखाने की नौबत आ गयी है। जनता को विकास देखना है, न कि विकास की तस्वीर। विकास के नाम पर सिर्फ थोथे वायदे और भाजपा की तीन चुनावों के वायदा खिलाफी के पुलंदे हैं. भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार, आउटसोर्सिग, कमीशनखोरी, कुशासन, अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार के कारण भाजपा सरकार का चेहरा दागदार हो चुका है। भाजपा सरकार पैसे के दम पर विकास की झूठी तस्वीर दिखा रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों विज्ञापनों में विकास की जो तस्वीर प्रकाशित हुई थी, कांग्रेस ने उसका भी कच्चा चि_ा खोल दिया था और बता दिया था कि कैसे प्रदेश सरकार झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रही है। इसलिए भाजपा सरकार अपनी विकास दिखाएं, झूठी तस्वीर देख-देख कर जनता उकता गई है।