Home बड़ी ख़बर श्रीलंका में राष्ट्रपति ने इस्तीफे की घोषणा की, रसोई गैस के सुचारू...

श्रीलंका में राष्ट्रपति ने इस्तीफे की घोषणा की, रसोई गैस के सुचारू वितरण के दिए आदेश

35
श्रीलंका में राष्ट्रपति ने इस्तीफे की घोषणा की, रसोई गैस के सुचारू वितरण के दिए आदेश

कोलंबो। श्रीलंका में राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने इस्तीफे की घोषणा कर दी है। इसके बाद श्रीलंकाई पार्टियां सर्वदलीय अंतरिम सरकार बनाने पर सहमत हो गई हैं। इस बीच प्रदर्शन उग्र होता देख अज्ञात जगह पर छिपे राष्ट्रपति गोतबाया ने अधिकारियों को रसोई गैस के सुचारू वितरण को सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। बता दें कि प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के कार्यालय और आधिकारिक आवास दोनों पर कब्जा कर लिया है।

श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग ने इस महीने दूसरी बार स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया कि भारत ने कोलंबो में अपने सैनिकों को भेजा है। श्रीलंका में कुछ प्रदर्शनकारी युवा श्रीलंकाई राष्ट्रपति भवन से कचरा निकालते दिखे। उनसे जब मीडिया ने सवाल किया कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं तो उन सभी ने जवाब देते हुए कहा कि हम सभी सफाई के लिए जिम्मेदार महसूस करते हैं क्योंकि यह एक सार्वजनिक क्षेत्र है। हमारा मानना है कि हमारी पीढ़ी को व्यवस्था बदलनी चाहिए। हमने राष्ट्रपति राजपक्षे को संदेश दिया है और अब शांति स्थापित होनी चाहिए।

सभी प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक राष्ट्रपति गोतबाया इस्तीफा नहीं दे देते तब तक वे लोग राष्ट्रपति भवन में ही डटे रहेंगे। बता दें कि प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के कार्यालय और आधिकारिक आवास दोनों पर कब्जा कर लिया है। इस बीच, राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने आधिकारिक तौर पर पीएम रानिल विक्रमसिंघे को सूचित किया है कि वह पहले की घोषणा के अनुसार इस्तीफा दे देंगे। श्रीलंका के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी सूचना दी है।

श्रीलंका में आर्थिक और राजनीतिक संकट को लेकर चल रहे विरोध के बीच, श्रीलंका के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल शैवेंद्र सिल्वा ने सोमवार को गॉल फेस (प्रदर्शन स्थल) की ओर सैन्य कर्मियों के मार्च करने की सोशल मीडिया रिपोर्टों का खंडन कर दिया है। गौरतलब है कि श्रीलंका में प्रदर्शनकारियों की मांग के आगे अब श्रीलंका की सरकार झुकने के लिए मजबूर हो गई है।