Home देश नेशनल हेराल्ड मामले में करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद बाहर...

नेशनल हेराल्ड मामले में करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद बाहर ईडी दफ्तर से बाहर निकले राहुल गांधी

81
नेशनल हेराल्ड मामले में करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद बाहर ईडी दफ्तर से बाहर निकले राहुल गांधी

नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से ईडी अधिकारियों की पूछताछ खत्म हो गई है। पूछताछ के बाद राहुल गांधी ईडी दफ्तर से बाहर निकल गए हैं। अधिकारियों ने उनसे करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। बता दें कि राहुल गांधी की ईडी के सामने पेशी को लेकर सुबह से ही नेताओं और कार्यकर्ताओं का कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंचना शुरू हो गया था।

इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात के लिए उनकी बहन प्रियंका गांधी उनके आवास पहुंची। यहां दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद प्रियंका और राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय के लिए रवाना हुए थे। वहीं, राहुल गांधी की ईडी के सामने पेशी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशभर में विरोध-प्रदर्शन किए।

इससे पहले सोनिया व राहुल गांधी को भेजे गए समन के विरोध में कांग्रेस ने आज नई दिल्ली में पैदल मार्च निकाला। पुलिस ने धरना दे रहे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया है। प्रियंका गांधी इन नेताओं से मिलने तुगलक रोड पुलिस स्टेशन पहुंची हैं।

मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि सेंट्रल एजेंसीज का दुरुपयोग किया जा रहा है। विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम दबने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जब ईडी के सामने पेश होंगी, तब इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। कितनी भी दिल्ली पुलिस बैरिकेडिंग कर ले, कितना भी प्रयास करके देख ले, सत्य को जीत होगी। कानून का राज कहां है, तानाशाही हो रही है।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना

नेशनल हेराल्ड मामले पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि समय-समय पर कांग्रेस पार्टी संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्न चिन्ह खड़े करती रही और जिन्होंने लंबे समय तक देश पर राज किया, उनके ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं आज वो जांच एंजेसियों से डर रहे हैं।