अंबिकापुर। सरगुज़ा में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी को पकड़ने में सरगुज़ा पुलिस ने सफलता हासिल की है। अंधे हत्याकांड का आरोपी महिला का पहला पति ही निकला, जिसने आपसी रंजिश के कारण इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस मामले का खुलासा किया है।
दरअसल, सरगुज़ा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया था, जब मणिपुर चौकी क्षेत्र में आशाराम नाम के एक युवक की रक्तरंजित लाश उसके घर पर मिली थी। युवक का डेढ़ साल का बच्चा भी घायल पड़ा हुआ था, जबकि युवक की पत्नी गायब थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी तभी सरगुज़ा के ही उदयपुर पुलिस को एक महिला का शव जंगल में पेड़ पर लटका मिला था। महिला का शव अर्धनग्न हालत में था ऐसे में महिला की शिनाख्त मृत युवक आशाराम के पत्नी के रूप में हुई।
इस दोहरे हत्यकांड के बाद एसपी भावना गुप्ता ने स्पेशल टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश में लगाई थी। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि महिला की शादी करीब 5 साल पहले लखनपुर इलाके के राजेश रजक नाम के युवक से हुई थी, जिसके बाद पुलिस की शक की सुई पहले पति की ओर घूमी, जिसके बाद पुलिस ने पहले पति के घर मे दबिश दी जहां मृतक की बाइक पुलिस ने बरामद की।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला और उसके पति से रंजिश रखता था, घटना के रात करीब 10 बजे आरोपी थोर गांव पहुचा औऱ महिला उर्मिला का नाम लेकर पहले दरवाजा खुलवाया और महिला के पति आशाराम पर गाय बांधने वाले लकड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी उसके बाद डेढ़ साल के मासूम बच्चे को भी घायल कर दिया।
घटना के बाद मृतक की ही बाइक लेकर आरोपी महिला को डरा धमकाकर अपने साथ ले गया और जंगल में लेजाकर उसके साथ दुष्कर्म किया फिर महिला की हत्या कर उसकी लाश पेड़ पर लटकाकर फरार हो गया। आरोपी ने मृतक की बाइक अपने घर पर रख दी और फिर फरार हो गया।
मोबाइल से मिला क्लू, तब पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को सर्विलांस पर रखा, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अलग अलग धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में 20 से ज्यादा लोगों से पूछतांछ की औऱ पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने मुख्य आरोपी और महिला के पहले प्रेमी राजेश रजक को गिरफ्तार कर लिया है।