नई दिल्ली। जुलाई महीने की पहली तारीख से बैंकिंग के कई नियम बदलने जा रहे हैं। इनमें सर्वाधिक ग्राहकों वाले भारतीय स्टेट बैंक के नए नियम अहम हैं। बैंक अब महीने में चार बार से ज्यादा नकद निकासी पर शुल्क वसूलने जा रहा है।
एसबीआई से एक महीने में चार बार ही निकासी: एसबीआई में चार बार ही नगद रुपए निकाल सकेंगे। इसके बाद हर निकासी पर 15 रुपए के साथ जीएसटी शुल्क बैंक आपके खाते से कटेंगे।
50 लाख से ऊपर की कारोबारी खरीद पर टीडीएस कटेगा: आयकर अधिनियम में हाल ही में सेक्शन-194 क्यू जोड़ा गया है। अगर पिछले साल किसी कारोबारी का टर्नओनर 10 करोड़ या उससे अधिक रहा है तो इस साल वह 50 लाख से ऊपर तक का माल खरीद सकेगा। इससे ऊपर की बिक्री होगी, टीडीएस कटेगा।
मारूति-हीरो दाम बढ़ाएंगी: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी इंडिया की कारें और हीरो की बाइक एक जुलाई से महंगी हो जाएंगी। हीरो स्कूटर और मोटरसाइकिल के एक्स-शो रूम कीमतें तीन हजार रुपए तक बढ़ा रहा है।
एलपीजी सिलेंडर की कीमतें भी बदलेंगी: हर महीने की तरह एक जुलाई से भी एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बदल जाएंगी। हालांकि यह बदलाव कितने का होगा, यह अभी तेल कंपनियों ने नहीं बताया है। लेकिन दाम बढ़ने तय माना जा रहा है।