जगदलपुर। जगदलपुर संभाग में पिछले 24 घंटे में अच्छी बारिश हुई। इससे किरंदुल रेललाइन में पानी भरने से रेल आवागमन रोक दिया गया है। किरंदुल सेक्शन के काकलूर-कावडग़ांव और कावडगांव-डाकपाल स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक के ऊपर पानी बह रहा है। सुबह सात बजे से मार्ग बाधित है। किरंदुल- विशाखापटनम पैसेंजर को दंतेवाड़ा में रोका गया है। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर जिले के एक दो स्थानों पर अति बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में आज सुबह से बादल छाए हैं। राजधानी में कल तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। वहीं, बीजापुर में पिछले 24 घंटे से क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही वर्षा के कारण एक बार जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। वहीं, कलेक्टर ने लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए आज स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के लिए बस्तर संभाग को आरेंज और रेड जोन में रखा है। वर्षा कारण यहां जगदलपुर में निचली बस्तियों के कुछ क्षेत्रों में जल जमाव की स्थिति देखी गई। जिले के दरभा, बास्तानार और लोहंडीगुड़ा विकासखंड में नालों का जलस्तर बढ़ने से अंदरूनी क्षेत्र की सड़कों का संपर्क मुख्यालय से कट गया है।
इसलिए हो रही बारिश
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले और राजस्थान के जैसलमेर, कोटा, एवं मध्यप्रदेश के रायसेन और सिवनी में मानसून द्रोणिका का निम्न दाब का केंद्र बना हुआ है। यह दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर अंडमान सागर तक स्थित है। इससे छत्तीसगढ़ के दुर्ग व बीजापुर जिले में अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां अति बारिश के साथ वज्रपात होने की संभावना जताई जा रही है।