आगरा. बेटी की आबरू पर आंच आई तो मां मर्दानी बन गई और घिनौनी करतूत कर रहे युवकों पर डंडा लेकर टूट पड़ी। उसका रौद्र रूप देख तीनों युवक डरकर भाग निकले। महिला ने घटना की रिपोर्ट थाना अछनेरा में दर्ज करा दी है। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
घटना बुधवार शाम की है। महिला ने बेटी को बाजार से कुछ सामान लाने के लिए भेजा था। काफी देर तक बेटी नहीं लौटी तो महिला को चिंता हुई। वो खुद बाजार के लिए चल दी। रास्ते में सड़क किनारे कुछ कमरे खाली पड़े हैं। इनमें से शोर आ रहा था।
महिला को शक हुआ तो वहां जाकर देखा। अंदर तीन युवकों ने उसकी बेटी को पकड़ रखा था। वे दुष्कर्म करने की कोशिश में थे। महिला ने हिम्मत नहीं हारी, न ही शोर मचाकर मदद मांगी। उसने पेड़ से डंडा तोड़ा और उन युवकों पर टूट पड़ी।
बेटी को घसीटते हुए ले गए थे युवक,/h2>
घिनौती करतूत के आरोपियों के होश उड़ गए। किसी को पीठ पर डंडा लगा तो किसी के सिर पर। तीनों भाग खड़े हुए। बेटी ने बताया कि युवक उसे रास्ते से खींच ले गए थे। उसने विरोध किया। आसपास लोग नहीं थे। वे उसे घसीटते हुए ले गए।
युवकों की पिटाई के बाद भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी आ गई। लोग कह रहे थे कि महिला ने बेटी की आबरू बचा ली। तीनों आरोपी गांव के बताए गए हैं। महिला ने एक को नामजद किया है, दो अज्ञात में है।
घटना के संबंध में सीओ अछनेरा नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं महिला की बहादुरी की क्षेत्र में चर्चा है।