रायपुर। प्रशासन द्वारा 108-102 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल तोडऩे की सभी कोशिशें नाकाम होती दिख रही हैं। रविवार को राजधानी में हुई झमाझम बारिश के बाद भी हड़ताली कर्मी रेनकोट और छाता लेकर अपनी आवाज बुलंद करते रहे।
अपनी मांगों को लेकर विगत एक सप्ताह से हड़ताल पर बैठे 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी इस बार आर-पार के मूड में आ गए हैं। धरना-प्रदर्शन स्थल पर प्रशासन द्वारा पंडाल हटवा लेने के बाद भी हड़ताली कर्मचारी अपनी मांगों पर अडिग बने हुए हैं। रविवार सुबह से शहर में हो रही झमाझम बारिश के बाद भी धरना-प्रदर्शन स्थल पर डटे कर्मचारी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार हुंकार भरते रहे। खुले आसमान के नीचे रेनकोट और छतरियों के सहारे हड़ताल पर डटे कर्मचारियों ने कहा कि अब चाहे जो भी हो जाए, वे हड़ताल से वापस नहीं आएंगे। सरकार सिर्फ नई निविदा की बात करती है, पिछले सात सालों से जीवीके कंपनी प्रबंधन कर्मचारियों का लगातार शोषण कर रहा है, मगर राज्य सरकार ने इसका कोई हल नहीं निकाला।