रायपुर। प्रदेश के कई शहरों में बारिश के साथ प्री-मानसून की दस्तक हो गई है। शनिवार रात को बारिश के बाद रायपुर में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। इससे गर्मी में थोड़ी राहत मिली है और 2 डिग्री तक पारा भी गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज कई शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया।
छत्तीसगढ़ में शनिवार शाम से मौसम में बदलाव हुआ है। कई शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट हो गई है। वहीं आज भी राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम में अब बदलाव देखने को मिलेगा। बदली की वजह से शनिवार को अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 41.1 पर आ गया।
आज फिर बदली छाई रहेगी, लेकिन सोमवार से लगातार बारिश के आसार हैं। जून में पहली बार प्री-मानसून बारिश अब तक नहीं हुई है। इसकी शुरुआत 15 जून से होगी। इस दिन 35 मिलीमीटर बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून आने तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास ही रहेगा। अधिकतम तापमान लगातार दो दिन 44.3 डिग्री के आसपास रहने के बाद गिरावट आई है।
15 के बाद ही मानसून आने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार मानसून अभी छत्तीसगढ़ नहीं पहुंचा है। 15 जून के बाद ही जिले में मानसून की सक्रियता बढ़ती है। अभी मानसून पुणे और बेंगलुरु के ऊपर है। 24 घंटे के भीतर पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में पहुंचने की संभावना है।