Home राज्य छत्तीसगढ़ उत्तरी हवा से गिरा पारा, अब छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड. जानिए...

उत्तरी हवा से गिरा पारा, अब छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड. जानिए प्रमुख शहरों का तापमान

83
उत्तरी हवा से गिरा पारा, अब छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड. जानिए प्रमुख शहरों का तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब ठंड बढ़ने लगी है। दरअसल, प्रदेश में हवा साफ और शुष्क है। नमी की मात्रा अब घटने लगी है। इससे उत्तरी हवा का प्रभाव बढ़ने लगा है। रात के तापमान में आ रही गिरावट ठंड बढ़ने का संकेत दे रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। इससे ठंड बढ़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार सभी संभागों के प्रमुख शहरों में रात के तापमान में गिरावट आई है। सभी जगह तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री तक नीचे चला गया है। दुर्ग में तापमान सामान्य से चार डिग्री कम है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले कुछ दिन प्रदेश में ठंड बढ़ने की संभावना है। रायपुर में रात का तापमान 16 और दिन का पारा 29 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में बिलासपुर और पेंड्रारोड का तापमान काफी नीचे चला गया है। यहां पारा 11 से 14 डिग्री के आसपास रिकार्ड किया गया। दोनों जगह तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। यहां रात में अच्छी ठंड पड़ रही है। शाम से ही लोग गर्म कपड़ों में दिखने लगे हैं। अंबिकापुर में तापमान 11.4 डिग्री के आसपास है। प्रदेश में सबसे कम तापमान 8.8 डिग्री कोरिया में रिकार्ड किया गया।

शुष्क हवा रात में ही नहीं दिन में भी वातावरण को प्रभावित कर रही हैं। प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में शनिवार को दिन का तापमान कम रहा। रायपुर, बिलासपुर, पेंड्रारोड, अंबिकापुर और जगदलपुर में दिन का तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री तक कम है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इन जगहों पर सुबह के समय हवा में नमी कम है।

प्रमुख शहरों का तापमान

  • रायपुर – 27.9 – 16.3
  • बिलासपुर – 27 – 14
  • पेंड्रारोड – 25.2 – 11.4
  • अंबिकापुर – 23.3 – 11.4
  • जगदलपुर – 27.3 – 13.6
  • दुर्ग – 30.6 – 13.2