चंडीगढ़। टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट की गोवा में हार्ट अटैक से मौत हो गई है। उनके भाई वतन ढाका ने मौत की खबर की पुष्टि की है। उनकी एक बेटी है। वहीं सोनाली फोगाट की मौत की सूचना पर उनका परिवार भूथन से गोवा के लिए रवाना हो गया है। सोनाली बिग बॉस फेम और टिकटॉक स्टार से फेमस हुई थीं, इसके बाद भाजपा से चुनाव भी लड़ चुकी थीं।
2016 में सोनाली के पति संजय फोगाट भी फार्म हाउस में मृत मिले थे। फतेहाबाद के भूत्थन खुर्द में ढाका परिवार की बेटी सोनाली 22 से 25 तक अपने पूर्व निर्धारित गोवा टूर पर थी। वे अपने टिकटॉक वीडियो से चर्चा में रहती थीं।
सोनाली ने अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में एंकरिंग से की थी। वह हिसार दूरदर्शन के लिए एंकरिंग करती थीं। दो साल बाद 2008 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली। 2019 में भाजपा की टिकट पर आदमपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ा था। सोनाली पंजाबी और हरियाणवी फिल्में, म्यूजिक वीडियोज कर चुकी थी। उन्होंने साल 2019 में फिल्म छोरियां छोरों से कम नहीं होती में काम किया था। यह उनकी पहली फिल्म थी।
सोनाली फोगाट की मौत पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया-भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट के आकस्मिक निधन का बेहद दुरूखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुरूख सहन करने की क्षमता प्रदान करें। ओम शांति! वहीं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने ट्वीट किया कि सोनाली फोगाट के अकस्मात निधन की सूचना से बेहद आहत हूं। वे बेहद मिलनसार एवं बेहतरीन कलाकार थीं। परमपिता परमात्मा उनको अपने चरणों में स्थान दे तथा परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति दे। ओम शान्ति