रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने अपनी नई टीम की घोषणा भी कर दी है। साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने अपनी नई टीम में सभी समीकरण सेट कर लिया है। वहीं, भाजपा की नई टीम को लेकर अब प्रदेश में सियासत गरमा गई है और एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने—सामने आ गए हैं। सत्ता में बैठी कांग्रेस के कई नेताओं में सिलसिलेवार निशाना साधा है। वहीं भाजपा का कहना है कि 2023 में फिर अंधेरा छटेगा..सूरज निकलेगा..कमल खिलेगा।
दरअसल, बीते दिन घोषित भाजपा की नई टीम को लेकर मंत्री कवासी लकमा ने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने सिर्फ जिम्मेदारी बदली है, चेहरा पुराना ही है। कांग्रेस को नई टीम से कोई फर्क नहीं पड़ेगा ।
वहीं इस मामले पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा की नई टीम को लेकर कहा कि प्रदेश भाजपा में ऊपर से नीचे तक सबको बदल दिया गया है, यह फिजूल की कवायद साबित होगी। राज्य में भाजपा जनता का भरोसा खो चुकी है।
इधर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का कहना है की नई टीम पूरी तरीके से संतुलित है, सभी को साथ लेकर आगे चला जा रहा है। कांग्रेस के नेता हमारी सक्रियता से घबराए हुए हैं और डरे हुए हैं। किस पार्टी को कितना फर्क पड़ेगा या आने वाले विधानसभा चुनाव में पता चल जाएगा।
वहीं, पूर्व सीएम रमन सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि मुझे पूर्ण विश्वास है नवीन टीम पूरी ऊर्जा के साथ काम करेगी। नवाचार और समर्पण के साथ कार्य करेगी। मिशन 2023 विजय संकल्प के साथ इतिहास रचेगी। टीम के सभी साथियों को बधाई एवं शुभकामनाएं।
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी नई कार्यकारिणी को लेकर कहा है कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। हम सभी को मिलकर अन्याय के खिलाफ लड़ना है। प्रदेश की जनता के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ना है। मिशन 2023 में हम फिर कमल खिलाएंगे। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई भी दी है और कहा है यह टीम फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएगी।