हरियाणा। यमुनानगर के जगाधरी में चौथी कक्षा में पढ़ने वाले 11 साल के बच्चे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चे की दादी ने उसे पढ़ाई करने के लिये डांटा था। इसी बात से नाराज होकर उसने फांसी लगाकर जान दे दी।
जगाधरी के केशव नगर में बृजेश कुमार अपने परिवार के साथ रहता है। उसका 11 साल का बेटा बलजीत तीन भाई-बहनों मे सबसे बड़ा था। शुक्रवार शाम को वह ट्यूशन से लौट कर आया और खेलने लगा। इस बीच उसकी दादी रामकली ने उसे पढ़ाई के लिए टोक दिया।
इस बात से नाराज होकर बलजीत अपने कमरे में चला गया और उसने अपने पायजामे के नाड़े से गुल मेख से एक डोर बांधकर दूसरी डोर गले से बांधी और आत्महत्या कर ली। परिवार के लोगों ने खिड़की का पर्दा हटा कर देखा तो वह फंदे पर झूल रहा था। परिजनों ने बुढ़िया गेट पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी। पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।